पानीपतः समालखा के गांव डिकाडला में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जिसमेें तीन लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि तीनों की हत्या की गई है। पुलिस सड़क हादसे के साथ-साथ अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार किसान विनोद अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी पर खेत की ओर जा रहा था। रास्ते में आट्टा रोड पर उसकी मुलाकात गांव के ही नरेंद्र और अनीप से हो गई। तीनों सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क किनारे खेत में जा गिरे। हादसे में नरेंद्र और अनीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विनोद ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो गाड़ी को पट्टीकल्याणा के पास से एक ढाबे पर खड़ी देखी गई है। ग्रामीणों ने ही तीनों को घटनास्थल से उठाकर अस्पताल पहुंचाया जहां तीनों को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। तीनों शवों का पानीपत नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते वीरवार सुबह एएफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मौके से विभिन्न साक्ष्य जुटाए। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर दुर्घटना से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है, हालांकि ग्रामीणों द्वारा घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
