ऊना/सुशील पंडित: समाज सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए रोटरी क्लब ऊना द्वारा 19 अप्रैल, रविवार को महादेव मंदिर, कोटला कलां में निःशुल्क मल्टी चेकअप कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर महंत स्वामी मंगलानंद की प्रेरणा, मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है।
रोटरी क्लब ऊना के अध्यक्ष यशपाल सिंह ठाकुर एवं सचिव रंजीत जसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। जालंधर से आए हार्ट स्पेशलिस्ट डॉ. रमन चावला, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. के.आर. आर्य, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. नमिशा विष्ट तथा एमडी डॉ. दीपक आर्य सहित अन्य अनुभवी चिकित्सक मरीजों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श देंगे।
उन्होंने बताया कि शिविर में आने वाले मरीजों के ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर (बीपी) और हृदय संबंधी जांच निःशुल्क की जाएगी। इसके अलावा जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और लोगों को समय रहते अपनी स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित करते हैं।
