शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने मंडी के सुन्दरनगर में समावेशी समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को अपनी प्रतिभा और क्षमता का पूर्ण प्रदर्शन करने के लिए समान अवसर, सम्मान और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। राज्यपाल आज स्पेशल ओलंपिक्स भारत, हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित ‘दीपावली उत्सव-2026 विशेष बच्चों की क्षमताओं का उत्सव’ कार्यक्रम में शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में हिमाचल प्रदेश के विशेष खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन पूरे प्रदेश और देश के लिए गौरव का विषय है। उनकी उपलब्धियां दृढ़ संकल्प, समावेशिता और उत्कृष्टता की सच्ची मिसाल हैं। राज्यपाल ने इटली के ट्यूरिन में आयोजित वर्ल्ड विंटर गेम्स में हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पदक विजेता खिलाड़ियों शालिनी, अनिल कुमार, आकृति, गिरिधर और हेमचंद को बधाई दी। उन्होंने शिवांजलि और शुभम के प्रदर्शन की भी सराहना की।

उन्होंने प्रदेश में खेल केंद्रों को सहयोग प्रदान करने के लिए एनएचपीसी के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के सात खिलाड़ियों और चार प्रशिक्षकों को वर्ल्ड विंटर गेम्स में भाग लेने का अवसर मिला। उन्होंने खिलाड़ियों को तैयार करने में बीबीएमबी, प्रशिक्षकों, संस्थानों और परिवारों के निरंतर सहयोग की भी सराहना की।
