शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि भारत की सदियों पुरानी देव संस्कृति और समृद्ध सनातन परंपराएं हमारी आध्यात्मिक शक्ति, चेतना, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का आधार हैं। उन्होंने इस अमूल्य विरासत को भावी पीढ़ियों के लिए संरक्षित एवं संवर्धित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
राज्यपाल ने लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता के साथ आज शिलाई विधानसभा क्षेत्र के पशमी गांव में छत्रधारी चालदा महासू महाराज के पावन मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान शिव के स्वरूप में पूजनीय श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज सत्य, न्याय, धर्म और लोक कल्याण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि देवता के गांव भ्रमण की अनूठी परंपरा समाज में सौहार्द, पारस्परिक सम्मान और सामूहिक आस्था की भावना को दर्शाती है।

राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन के विकास की अपार संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को सतत विकास के दृष्टिकोण से आगे बढ़ाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की जा सकती है।

