चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को भिवानी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 142 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की 8 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 133 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से पूरी हुई 6 परियोजनाओं का उद्घाटन तथा 8 करोड़ 46 लाख रुपये से अधिक की लागत से होने वाले 2 विकास कार्यों का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन किया, उनमें चरखी दादरी रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के उपचारित पानी का सिंचाई के लिए उपयोग करने की परियोजना शामिल है। इस परियोजना पर 84 करोड़ 33 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च की गई है। इसके माध्यम से उपचारित जल का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के साथ-साथ सिंचाई के लिए जल संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने रेवाड़ी-बठिंडा रेलवे लाइन पर 26 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित ऊपरगामी पुल का भी उद्घाटन किया। इस पुल के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तोशाम में खंड कार्यालय भवन तथा गांव बामला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया। तोशाम में खंड कार्यालय भवन के निर्माण पर 4 करोड़ 14 लाख रुपये तथा बामला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण पर 4 करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक की लागत आएगी।
