चंडीगढ़ : नशे के खिलाफ जन-जागरूकता का संदेश देने और युवाओं को खेलों एवं स्वस्थ जीवन शैली के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से सिरसा जिला के कालांवाली में कल 22 नवंबर को यूथ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस मैराथन को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रात: 6 बजे झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मैराथन के लिए कुल 1 लाख 40 हजार 716 पंजीकरण हुए हैं।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस मैराथन के ब्रांड एंबेसडर पद्मश्री एवं पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान रॉकस्टार एमडी, एमपी अटवाल एवं उनकी टीम सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी।
उन्होंने बताया कि 5 किलोमीटर की रन फॉर फन के प्रतिभागी परशुराम चौक से होते हुए बाईपास रोड पर पहुंचेंगे। यहां से नायरा पेट्रोल पंप के आगे से थाना रोड होते हुए मेन रोड पर पहुंचेंगे। इसके बाद धावक ओवरब्रिज के नीचे से रेलवे लाइन के पास फाटक की ओर जाने वाले मार्ग से होते हुए वापस अनाज मंडी पहुंचेंगे।
उन्होंने आगे बताया कि 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन के धावक मुख्य आयोजन स्थल से परशुराम चौक होते हुए बाईपास रोड, नायरा पेट्रोल पंप के आगे से थाना रोड के रास्ते मैन रोड पर आएंगे, यहां से ओवर ब्रिज के ऊपर से होते हुए कुरंगावाली गांव के पास (वृक्ष नंबर 142) से वापिस यू-टर्न लेंगे। 10 व 21 किलोमीटर की श्रेणियां की दौड़ का ओवर ब्रिज से पहले ही फिनिश पॉइंट रखा गया है जहां पर टीम उन्हें रिसीव करेगी।


