चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सेवा-यात्रा तथा विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान का आगाज आज प्रदेशभर में ‘आर्शीवाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा,जिसमें नागरिक उत्साहपूर्वक भाग लेकर सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को चंडीगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने अभियान के तहत प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, तथा सभी जिलों के उपायुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
सभी जिलों में कार्यक्रमों की तिथियां और कार्ययोजना को समय रहते अंतिम रूप दिया जाए। जिला स्तर पर नोडल अधिकारी निर्धारित किए जाएं तथा प्रत्येक कार्यक्रम की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला स्तर से कार्यक्रमों की प्रगति की नियमित रिपोर्ट ली जाए।
लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण का होगा आगाज, श्रमिकों को भी मिलेंगे विभिन्न योजनाओं के लाभ
‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ के साथ ही महेंद्रगढ़ मे आयोजित होने वाले विश्वकर्मा दिवस कार्यक्रम मे महिला सशक्तिकरण और श्रमिक कल्याण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ करेंगे, जिससे योजना का लाभ और अधिक पात्र महिलाओं तक पहुंचाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।