गुरदासपुरः कस्बा फतेहगढ़ चूड़ियां के नजदीक और थाना डेरा बाबा नानक के अधीन आते गांव पराचा में बीती शाम एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां गांव के ही कांग्रेसी सरपंच पर अपने साथियों के साथ मिलकर गांव के युवक बिक्रम सिंह उर्फ बिंकू पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या करने का आरोप लगा है।
इस संबंध में मृतक के भाई जगरूप सिंह ने बताया कि गांव के कांग्रेसी सरपंच की उनके परिवार के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। बीती शाम उसका भाई बिक्रम सिंह उर्फ बिंकू किसी काम से फतेहगढ़ चूड़ियां गया हुआ था। जब वह वापस गांव लौट रहा था तो गांव के मोड़ पर सरपंच और उसके साथी पहले से ही उसका इंतजार कर रहे थे।
जैसे ही उसका भाई वहां पहुंचा, आरोपियों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अमृतसर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि सरपंच के साथ उसके भाई की पुरानी रंजिश चल रही थी और पिछले कई दिनों से आरोपी उस पर हमला करने की फिराक में थे। उन्होंने बताया कि थाना डेरा बाबा नानक के अधीन पुलिस चौकी मालेवाल में शिकायत दर्ज करवा दी है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है।
वहीं, पुलिस चौकी मालेवाल के इंचार्ज नंद लाल भट्टी ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिल गई है। परिवार के बयानों के आधार पर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
