जालंधर, ENS: गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित भाजपा की सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा आज रायपुर रसूलपुर से दोपहर को रवाना होगी। ऐसे में आदमपुर एयरपोर्ट पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंच गए। इस दौरान एयरपोर्ट पर भाजपा प्रधान केवल सिंह ढिल्लों और जयवीर शेरगील उन्हें रिसीव करने पहुंचे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन यात्रा का शुभारंभ करेंगे। यह यात्रा जालंधर से शुरू होकर 2,558 किलोमीटर का सफर तय करेगी और 3 दिसंबर को वाराणसी में समाप्त होगी। यह यात्रा 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरंगी और काशी में समाप्त होगी। समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना है।
भाजपा के प्रदेश सचिव एवं जालंधर के प्रभारी सूरज भारद्वाज ने कहा कि यह धार्मिक और सामाजिक आयोजन है, राजनीतिक रैली नहीं है। इसी वजह से यात्रा के शुभारंभ के लिए तैयार पंडाल में भाजपा के झंडे नहीं लगाए जाएंगे। मंच दो लेयर में बनाया गया है। संत ऊपर बैठेंगे और भाजपा नेता दूसरी पंक्ति में रहेंगे। सभा में राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी तरुण चुग, पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया, सह प्रभारी वरिंदर सचदेवा तथा प्रदेश प्रधान केवल सिंह ढिल्लों सहित कई नेता मौजूद रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, नितिन नबीन दोपहर 1:10 बजे जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां के संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज मंदिर पहुंचेंगे। यहां वे मंदिर में दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे।
दोपहर 1:35 बजे वे जालंधर-पठानकोट जीटी रोड पर डेरा सचखंड बल्लां के पास स्थित गांव रायपुर जाएंगे। यहां वे भाजपा की 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और मौजूद जनसमूह को संबोधित करेंगे। दोपहर 2:55 बजे वे गांव रायपुर में ही संत समाज के साथ सहभोज करेंगे और संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को साल भर चलने वाले राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मना रही है।
