चण्डीगढ़: हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण व मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा के युवाओं को अच्छी शिक्षा, बेहतर कौशल, रोजगार के अवसर और आगे बढ़ने के लिए जरूरी सुविधाएं मिलें। इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा गंभीरता से काम किया जा रहा है। युवा के हाथ में जब हुनर होगा तो उसे रोजगार मिलेगा। इसके लिए सभी क्षेत्रों में कौशल के विकास पर जोर दिया जा रहा है।
श्याम सिंह राणा सोमवार को कैथल के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित रोजगार मेले में बतौर मुख्य अतिथि विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन हमारे लिए प्रेरणादायक है। देश आज उनकी अगुवाई में विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है।
कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल से किसानों को जोड़ा गया, ताकि खेती के लिए सब्सिडी पर दी जाने वाली खाद का गैर कृषि कार्यों में प्रयोग न हो सके। आज प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। हम चाहते हैं कि हमारे युवा खेती को केवल परंपरागत काम के रूप में न देखें, बल्कि इसे आधुनिक व्यवसाय और उद्यमिता के अवसर के रूप में भी देखें। खेती में तकनीक आएगी, तो किसान की आमदनी बढ़ाने के नए रास्ते खुलेंगे।