चंडीगढ़ः धनास मार्बल मार्केट रोड पर दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर लगने के बाद युवक कार के साथ कई मीटर तक घसीटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस पूरी घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। सामने आई फुटेज में देखा जा सकता है कि युवक सड़क पार कर रहा था, तभी तेज गति से आ रही कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद युवक काफी दूर तक घसीटती हुई चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी और हादसा इतनी तेजी से हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को कुछ समझने या युवक की मदद करने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत घायल युवक को देखने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और उसके आधार पर कार तथा चालक की पहचान की जा रही है।
