झज्जरः राज्य भर में पिछले कुछ समय से गैंगस्टरों द्वारा कारोबारियों और वीआईपी लोगों से फिरौती मांगने की घटनाओं में लगातार बढ़ौतरी हो रही है। वहीं ताजा मामला जिले के डीघल गांव से सामने आया है, जहां एक फाइनेंसर से कथित तौर पर एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगने को लेकर इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार फिरौती की मांग कुख्यात गोदारा गैंग के नाम पर की गई है।
जिसके बाद पीड़ित द्वारा मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री ने कहा कि पुलिस को फिरौती को लेकर सूचना मिली है। जिसके बाद पीड़ित की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी जांच प्रारंभिक चरण में है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यह भी जांच का विषय है कि कहीं किसी पुराने विवाद या रंजिश को डायवर्ट करने के लिए गैंग का नाम लेकर किसी से कॉल तो नहीं करवाई गई। पुलिस इस एंगल पर भी गहनता से काम कर रही है कि कहीं किसी ने आपसी विवाद में गैंगस्टर का नाम इस्तेमाल कर माहौल बनाने की कोशिश तो नहीं की। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच में जुटी है तथा कॉल डिटेल, संदिग्ध नंबरों और संबंधित व्यक्तियों की गतिविधियों को खंगाला जा रहा है।
