पिंजौरः गांव नोलटा के समीप दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में तेज रफ्तार इनोवा कार अनियंत्रित होकर तीखे मोड़ पर पलट गई। हादसे में 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि चालक समेत अन्य 7 लोग घायल हो गए। मृतका की पहचान उषा निवासी ठाठर मांधना के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इनोवा कार में चालक व महिलाएं सवार थी, जो परवाणू के कामली स्थित एक साबुन की कंपनी में नौकरी के लिए जा रही थी।
मृतका के भाई कृष्ण कुमार ने बताया कि मिली जानकारी अनुसार गाड़ी चालक काफी तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था और इसी वजह से अचानक तीखे मोड़ पर इनोवा गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल, पंचकूला पहुंचाया।
कृष्ण कुमार के अनुसार हादसे में उनकी बहन उषा के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं कार सवार एक अन्य महिला ने बताया की गाड़ी से अजीब सी आवाज भी आ रही थी और ड्राइवर तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था उन्होंने काफी बार उसे गाड़ी को धीरे चलाने के लिए भी कहा। वहीं, इनोवा चालक हेमंत भी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है, और कार चालक हेमंत ने बताया की गाड़ी के ब्रेक फेल हो जाने के कारण यह हादसा हुआ।
