फतेहाबादः हरियाणा के फतेहाबाद जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जिसमें तीन लोगों की मौत और 12 लोग घायल होने की सूचना है। बताया जा रहा कि बस भूना से टोहाना जा रही थी कि गांव भोडी के पास अनियंत्रित होकर बस खेतों में पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और बस में सवार यात्रियों ने चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यात्रियों का कहना है कि चालक तेज रफ्तार में बस चला रहा था और उसकी ड्राइविंग संदिग्ध लग रही थी। कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकाला। सभी घायलों को सिविल अस्पताल टोहाना में भर्ती कराया गया है। यात्रियों ने बताया कि बस जैसे ही गांव भोडी के पास एक मोड़ पर पहुंची, चालक ने अचानक तेज गति में बस मोड़ दी। इससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से उतरकर खेतों में पलट गई।
हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और चालक की भूमिका को लेकर भी सभी पहलुओं पर पड़ताल की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि यदि जांच में चालक की लापरवाही या नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
