चंडीगढ़: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के लिए सुलभ और किफायती बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम के सेक्टर-102 स्थित शीतला माता देवी मेडिकल कॉलेज एवं 883 बेड के टीचिंग अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों तथा पांच लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के पात्र मरीजों के लिए उपचार संबंधी विशेष प्रावधान किए गए हैं। इन प्रावधानों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को उपचार में सब्सिडी का लाभ मिलेगा और वे किफायती दरों पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मंगलवार को चंडीगढ़ में आयोजित बैठक में मेडिकल कॉलेज एवं टीचिंग अस्पताल के संचालन और रखरखाव (Operation and Maintenance) से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों तथा पांच लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के पात्र मरीजों के लिए उपचार में सब्सिडी और अस्पताल में विशेष सुविधाओं से संबंधित प्रावधानों पर निर्देश भी दिए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम हो और उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं किफायती दरों पर उपलब्ध हो सकें।
