ऊना,सुशील पंडित: जिला ऊना में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत सदर ऊना पुलिस ने लोअर बसाल में एक व्यक्ति को 1.59 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 नवंबर को दोपहर करीब 3:25 बजे एएसआई सचिन राणा, अन्वेषणाधिकारी पुलिस थाना सदर ऊना के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान सवां बेला स्थित श्मशानघाट के नजदीक लोअर बसाल में एक पैदल राहगीर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.59 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान निरंजन सिंह निवासी पंजावर, तहसील हरोली, जिला ऊना के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है और नशे की सप्लाई से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
जिला पुलिस ऊना ने आमजन से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित कोई भी सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

