मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू होंगे मुख्य अतिथि
697 नवनियुक्त गृह रक्षकों की होगी पासिंग आउट परेड
ऊना (सुशील पंडित): गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा विभाग का राज्य स्तरीय राइजिंग डे समारोह इस वर्ष 6 दिसंबर को मुबारिकपुर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के सात प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 697 नवनियुक्त गृह रक्षकों की भव्य पासिंग आउट परेड आयोजित की जाएगी। यह जानकारी डिप्टी कमांडेंट जनरल अरविंद पराशर ने गृह रक्षक कार्यालय ऊना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।
पराशर ने बताया कि पिछले छह महीनों के दौरान विभाग में 697 नए गृह रक्षकों की भर्ती की गई है। इन सभी को प्रदेश के सात अलग-अलग प्रशिक्षण केंद्रों में आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद अब मुबारिकपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान उनकी पासिंग आउट परेड होगी तथा सभी नवनियुक्त गृह रक्षक राष्ट्र और प्रदेश की सेवा के लिए शपथ ग्रहण करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष का समारोह ‘वर्दी में गौरव, हृदय में हिमाचल, संकल्प में राष्ट्र’ थीम पर आधारित रहेगा। समारोह के तहत गृह रक्षा विभाग की कार्यक्षमता, अनुशासन, टीम भावना और व्यावसायिक दक्षता को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें इंटर-बटालियन वॉलीबॉल, टग ऑफ वॉर तथा गृह रक्षकों के पेशेवर कौशल को परखने के लिए इंटर-बटालियन सर्च एंड रेस्क्यू प्रतियोगिताएं प्रमुख रूप से शामिल रहेंगी।
डिप्टी कमांडेंट जनरल ने बताया कि 3 दिसंबर को इंटर-बटालियन बैंड प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे। प्रदेश में गृह रक्षा विभाग की कुल 12 बटालियन हैं और इन सभी बटालियनों के बैंड प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा एवं कौशल का प्रदर्शन करेंगे। निर्णायक मंडल द्वारा बैंड की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया जाएगा तथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बैंड को 6 दिसंबर को उप मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर को कमांडेंट जनरल गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा और अग्निशमन सेवाएं विभाग सतवंत अटवाल द्वारा ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर गृह रक्षा विभाग के उन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी कमांडेंट डिस्क अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने पिछले वर्ष के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाएं प्रदान की हैं।
पराशर ने कहा कि 6 दिसंबर को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में 697 नवनियुक्त गृह रक्षकों की पासिंग आउट परेड मुख्य आकर्षण रहेगी। इस दौरान विभाग की उपलब्धियों, अनुशासन, कार्यक्षमता तथा आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में गृह रक्षकों के योगदान को भी प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गृह रक्षक प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने, आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों तथा विभिन्न सरकारी गतिविधियों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 19 नई फायर गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके अतिरिक्त बिझड़ी, इंदौरा और मंडी में नवनिर्मित फायर स्टेशन भवनों का उद्घाटन भी करेंगे। इससे प्रदेश में अग्निशमन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि ऊना जिला के मुबारिकपुर में आयोजित होने वाली यह पासिंग आउट परेड विशेष महत्व रखती है, क्योंकि पहली बार प्रदेश के 697 नवनियुक्त गृह रक्षकों की पासिंग आउट परेड एक साथ आयोजित की जा रही है। यह आयोजन न केवल गृह रक्षा विभाग की नई उपलब्धि को दर्शाएगा, बल्कि प्रदेश में आपदा प्रबंधन, सुरक्षा और जनसेवा के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को भी नई मजबूती प्रदान करेगा।

