ओटावा: कनाडा के क्यूबेक प्रांत में सरकारी कर्मचारियों के हिजाब, पगड़ी और क्रॉस जैसे धार्मिक निशान पहनने पर रोक जारी रहेगी। यह फैसला सात जजों की बैठक में लिया गया है। दरअसल, सात जजों के बहुमत ने पाया कि क्यूबेक का कानून काफी हद तक सही है लेकिन कुछ ने फैसले के कुछ हिस्सों पर अपनी असहमति जताई। जस्टिस एंड्रोमाचे कराकात्सानिस मिशेल ओबोनसाविन और निकोलस कासिरर ने लिखा कि नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज का इस्तेमाल ऐसे कानूनों को मंज़ूरी देने के लिए नहीं किया जा सकता, जो कनाडा के आजाद और डेमोक्रेटिक देश के तौर पर बुनियादी चरित्र से मेल नहीं खाते हैं।
कनाडा के सुप्रीम कोर्ट ने क्यूबेक के उस कानून को सही ठहराया है, जिसमें पब्लिक सेक्टर के कर्मचारियों के ड्यूटी के दौरान धार्मिक निशान पहनने पर रोक लगाई गई थी। बिल 21 के नाम से जाने जाने वाले इस कानून को कई संगठनों ने अदालत में चुनौती दी थी। मुस्लिम, सिख और कैथोलिक महिला टीचर्स समेत कई ग्रुप का मानना था कि यह कानून उनके फंडामेंटल राइट (मौलिक अधिकार) के खिलाफ है।
क्यूबेक ने 2019 में कनाडा के संविधान के एक खास हिस्से नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज के तहत बिल 21 पास किया था। यह क्लॉज सरकारों को धर्म की आजादी से जुड़े कुछ अधिकार खत्म करने की इजाजत देता है। इसे देश की सबसे बड़ी अदालत ने सही माना है। एक्सपर्ट का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले का असर क्यूबेक ही नहीं कनाडा के बड़े हिस्से में हो सकता है। क्यूबेक में सिविल लिबर्टी ग्रुप्स ने बिल 21 की आलोचना करते हुए कहा है कि यह हिजाब पहनने वाली मुस्लिम महिलाओं पर बहुत ज्यादा असर डालता है।
इसने उन्हें प्रांत में पब्लिक लाइफ के जरूरी हिस्सों से बाहर कर दिया है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से बिल 21 की संवैधानिकता, क्यूबेक का नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज का इस्तेमाल सही था या नहीं और क्या इसके इस्तेमाल की कोई सीमाएं हैं, जैसे सवालों के जवाब मांगे हैं। शुक्रवार को कनाडा के टॉप कोर्ट ने बिल 21 की वैलिडिटी कन्फर्म की लेकिन यह भी कहा कि यह कानून क्यूबेक के चुने हुए अधिकारियों को धार्मिक कारणों से फेस कवरिंग पहनने से रोककर डेमोक्रेटिक अधिकारों का उल्लंघन करता है। कनाडा की कोर्ट के पास यह बताने का अधिकार है कि कोई कानून कनाडा के चार्टर ऑफ राइट एंड फ्रीडम के हिसाब से है या नहीं, भले ही नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज लागू हो लेकिन वे इस मामले में ऐसा नहीं करेंगे।

