रोहतकः रोहतक के खरावड़ स्थित मिलन होटल में हुए गैंगवार और चार लोगों की हत्या के मामले में एक नया खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक इस हत्याकांड के पीछे हिमांशु भाऊ और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच चल रही पुरानी दुश्मनी बताई जा रही है। इस पूरे हत्याकांड में एक महिला की भूमिका भी सामने आई है जो कथित तौर पर सन्नी रिटोलिया को प्रेम जाल में फंसाकर उसके करीब रहकर उसकी लोकेशन हमलावरों तक पहुंचा रही थी।
महिला मित्र उत्तर प्रदेश की बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक महिला पिछले करीब साढ़े तीन महीने से इंस्टाग्राम के जरिए सन्नी रिटोलिया के संपर्क में थी और धीरे-धीरे उससे नजदीकी बढ़ाकर उसका भरोसा जीत रही थी। जानकारी के मुताबिक हिमांशु भाऊ गैंग के साहिल ने महिला को सन्नी के करीब भेजा था, इस प्लान के तहत महिला को सन्नी की लोकेशन और उसके अकेले होने की जानकारी गैंग तक पहुंचानी थी, जिससे उसे निशाना बनाया जा सके।
सूत्रों के मुताबिक हिमांशु भाऊ अपने भाई रोहित और चाचा बजरंग की हत्या का बदला लेना चाहता था। उसी बदले की साजिश में सन्नी रिटोलिया को टारगेट बनाया गया था। सन्नी को हनी ट्रैप करने के बदले में महिला को अमेरिका में बसाने का वादा किया गया था।
26 नवंबर की रात को सन्नी रिटोलिया अपनी बुलेट प्रूफ गाड़ी में अपने साथियों रिंकू, यश और विनीत के साथ खरावड़ स्थित मिलन होटल में खाना खाने पहुंचा था। इस दौरान सन्नी और महिला एक टेबल पर बैठे थे, जबकि उसके तीन साथी दूसरी टेबल पर खाना खा रहे थे। वह पहले अपनी गाड़ी में ही बैठा था लेकिन महिला उसे होटल के अंदर लेकर गई क्योंकि अगर वह बुलेट प्रूफ गाड़ी में ही बैठा रहता तो उस पर फायरिंग करना मुश्किल हो जाता।
सन्नी के होटल में पहुंचने के बाद पांच हमलावर भी होटल पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। सूत्रों के मुताबिक हमलावरों का मुख्य निशाना सन्नी रिटोलिया था लेकिन उसके साथियों पर पहले गोलियां चलाई गई। फायरिंग के दौरान होटल में मौजूद करीब 40-50 लोग जान बचाकर भागने लगे। इसी अफरा-तफरी में सन्नी रिटोलिया भी मौके से भागने में कामयाब हो गया।
बताया जा रहा है कि सन्नी रिटोलिया और बेरी गांव का रहने वाला हिमांशु दोनों ने सफेद शर्ट पहनी थी। इसी वजह से हमलावरों ने हिमांशु को सन्नी समझ लिया और उसे निशाना बना लिया। इस वारदात में कुल चार लोगों की मौत हो गई है। सन्नी के साथ आए तीन अन्य लोग रिंकू, यश और विनीत भी थे, जिनकी इस हमले में मौत हो गई। ये सभी झज्जर जिले के डीघल गांव के रहने वाले हैं और गैंग से जुड़े थे। हालांकि, सन्नी रिटोलिया बचकर निकले में कामयाब हुआ।
इस हत्याकांड में पांच शूटर शामिल थे, जिनमें तीन शूटर राठी गैंग और दो हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। आरोप है कि दूसरे गैंग के कुछ लोगों ने हमलावरों को हथियार मुहैया कराने और वारदात में इस्तेमाल गाड़ियों का इंतजाम करने में मदद की थी।
वारदात को अंजाम देने के बाद महिला हमलावरों के साथ गाड़ी में बैठकर दिल्ली पहुंची। जिसके बाद वह उसी रात दिल्ली एयरपोर्ट से बैंकॉक के लिए रवाना हो गई। फिलहाल रोहतक और झज्जर पुलिस की करीब 10 टीमें मामले की जांच कर रही है। अब तक किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।

