शिमला: राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में आज यहां हिमाचल प्रदेश और न्यूजीलैंड के उच्च स्तरीय तकनीकी प्रतिनिधिमंडल के बीच एक महत्त्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवगत करवाया गया कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के बागवानों के हित में सेब की फसल के लिए हिमाचल प्रदेश में एक आधुनिक उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) की स्थापना करना है।

प्रदेश और देश के अन्य राज्यों के इच्छुक बागवानों तक इन आधुनिक तकनीकों को पहुंचाने के लिए एक समर्पित प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना करने का भी लक्ष्य है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना भारत सरकार की एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत स्थापित की जा रही है जिसमें तीन प्रमुख हितधारक अपनी भूमिका निभाएंगे। भारत सरकार इस परियोजना के लिए 15 करोड़ रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता प्रदान करेगी। न्यूजीलैंड के विशेषज्ञ केंद्र की स्थापना, आधुनिक तकनीक हस्तांतरण और प्रबंधन के लिए संपूर्ण तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
हिमाचल प्रदेश का बागवानी विभाग इस परियोजना की कार्यकारी एजेंसी के रूप में कार्य करेगा तथा उत्कृष्टता केंद्र के सफल संचालन के लिए भूमि, आवश्यक संसाधन और स्टाफ उपलब्ध कराएगा। बागवानी मंत्री ने कहा कि प्रदेश के बागवानों को उच्च गुणवत्ता वाली और रोग-मुक्त सेब की पौध उचित दामों पर उपलब्ध करवाई जानी चाहिए।

