चंडीगढ़: हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने आज हरियाणा विधानसभा के संविधान दिवस एवं हरियाणा की हीरक जयंती के अवसर पर आयोजित विशेष सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान केवल कागज के पन्नों पर लिखे कानूनों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र की आत्मा और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, समानता, न्याय एवं स्वतंत्रता का आधार है। संविधान के आदर्शों को अपने आचरण और शासन व्यवस्था में उतारना ही हमारा संकल्प होना चाहिए।
उन्होंने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा संविधान सभा के सभी महान सदस्यों को नमन करते हुए कहा कि हरियाणा ने अपने 60 वर्षों की गौरवशाली विकास यात्रा में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई, ऊर्जा और जनस्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश के मेहनतकश किसानों, जवानों, श्रमिकों और उद्यमियों ने हरियाणा को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शिता, सुशासन और जनकल्याण को सर्वोच्चप्राथमिकता दे रही है। प्रदेश के मेहनतकश किसानों, जवानों, श्रमिकों, उद्यमियों तथा सभी वर्ग के लोगों के योगदान से हमारा हरियाणा आज देश के अग्रणी राज्यों में है।
गंगवा ने कहा कि अब तक 2,584 किलोमीटर सड़कों को 12 से 18 फुट चौड़ा किया जा चुका है तथा शेष 656 किलोमीटर सड़कों को मार्च 2027 तक 18 फुट चौड़ा कर दिया जाएगा। अर्थात मार्च 2027 तक कुल 3,240 किलोमीटर सड़कों को 12 फुट से 18 फुट चौड़ा कर दिया जाएगा।

