अमृतसरः पंजाब सरकार द्वारा गठित तालमेल कमेटी की एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस अमृतसर में हुई। इस दौरान श्री गुरु ग्रंथ साहिब के सत्कार और बेअदबी की घटनाओं को रोकने के लिए बनाए गए श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार शोध एक्ट-2026 को लेकर श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा गठित विशेषज्ञ कमेटी के साथ होने वाली बैठक के बारे में जानकारी सांझा की गई। इस बैठक को लेकर तालमेल कमेटी के सदस्य भूपिंदर सिंह ने कहा कि इस एक्ट को लेकर श्री अकाल तख्त साहिब और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा कुछ ऐतराज और सुझाव दिए गए थे, जिन्हें दूर करने के लिए आपसी चर्चा जरूरी है।
उन्होंने कहा कि आज की बैठक का मुख्य उद्देश्य विशेषज्ञ कमेटी के साथ बैठकर एक्ट में आवश्यक संशोधन पर सहमति बनाना था, लेकिन विशेषज्ञ कमेटी के सदस्य बैठक में नहीं आए। उन्होंने कहा कि समन्वय समिति अब तक 3 बार विशेषज्ञ कमेटी को निमंत्रण भेज चुकी है। पहला पत्र 29 अक्टूबर को लिखा गया था जिसमें बैठक के लिए समय और स्थान तय करने का अनुरोध किया गया था। इसके बाद 18 नवंबर और आज की बैठक के लिए भी निमंत्रण भेजा गया।
भूपिंदर सिंह ने घोषणा की कि 27 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे सर्किट हाउस, अमृतसर में फिर से बैठक आयोजित करने का अनुरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि विशेषज्ञ कमेटी किसी अन्य स्थान पर बैठक करना चाहती है तो तालमेट कमेटी वहां भी जाने को तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तामलेल कमेटी का उद्देश्य सरकार का पक्ष लेना नहीं है, बल्कि सिख भावनाओं और सुझावों के अनुसार कानून में सुधार करना है।
उन्होंने कहा कि एक्ट में ‘कस्टोडियन’ शब्द समेत अन्य मुद्दों पर आपत्तियों पर विचार किया जा सकता है और सहमति होने पर संशोधन के लिए सरकार को सिफारिश भेजी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि विशेषज्ञ कमेटी द्वारा कुछ पूर्व शर्तें रखी जा रही हैं, जिनमें एक्ट में संशोधन पर रोक लगाने की मांग भी शामिल है। लेकिन यह तालमेल कमेटी के अधिकार क्षेत्र में नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता जारी होने से पहले इस मामले का समाधान निकालना जरूरी है ताकि कानून में जरूरी संशोधन अधूरे न रह जाएं। उन्होंने विशेषज्ञ कमेटी के सदस्यों से 27 नवंबर को होने वाली बैठक में शामिल होने और आपसी बातचीत से इस मुद्दे का समाधान निकालने की अपील की।

