हैमिल्टनः कनाडा में हैमिल्टन के गुरुद्वारा शहीदगढ़ साहिब में दो गुटों में झड़प हो गई। दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों में हाथापाई हो गई। इस दौरान पगड़ियां उतरने की घटना भी सामने आई है। घटना से जुड़े कुछ वीडियो सामने आए हैं। जिसमें लोग एक-दूसरे का गला पकड़ते, थप्पड़ मारते और धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। वहीं गुरुद्वारा शहीदगढ़ साहिब के बाबा तजिंदर सिंह ने कहा कि गुरु घर के भीतर ही जूते-चप्पल चलने जैसे हालात बन गए, जो शर्मनाक हैं।
इस पूरे विवाद के पीछे कमेटी पर कब्जा करने और गोलक के पैसों का प्रबंधन माना जा रहा है। दो दिन पहले किचनर में भी प्रबंधक कमेटियों के बीच विवाद हो चुका है। कनाडा में रहने वाले प्रवासी भारतीयों और सिख संगत ने इस घटना पर रोष जताया है। स्थानीय संगत का कहना है कि अक्सर नए छात्रों या युवाओं को अनुशासनहीनता के लिए जिम्मेदार ठहराया जाता है, लेकिन इस घटना में बुजुर्ग और कमेटी के जिम्मेदार लोग ही गुरु घर की मर्यादा को तार-तार कर रहे हैं।
संगत ने सवाल उठाया है कि जब दान और चढ़ावा इकट्ठा करने की बारी आती है तो आम श्रद्धालुओं को आगे रखा जाता है, लेकिन गुरुद्वारे के बड़े फैसलों में संगत की कोई भागीदारी नहीं होती। चंद लोगों की आपसी लड़ाई और अहंकार के कारण पूरे सिख समुदाय की छवि खराब हो रही है। लोगों ने कमेटियों से अपील की है कि वे गुरु साहिबान के मिल-बांटकर खाने और भाईचारे के सिद्धांतों को याद रखें और धार्मिक स्थलों को राजनीति व लड़ाई का अखाड़ा न बनाएं।
मिसिसॉगा स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा माल्टन साहिब में 20 अक्टूबर, 2026 को एक महिला ने हंगामा कर दिया था। वह श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पास चली गई। बेअदबी के डर से उसे वहां मौजूद संगत ने तुरंत हटाया। इसके बाद महिला ने वहां कुछ बोलना शुरू कर दिया। वह ड्रामा करने लगी और फिर फर्श पर लेट गई। घटनाचौपहरा साहिब के पाठ के दौरान हुई।

