चंडीगढ़: गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के अंतर्गत वेव्स फिल्म बाजार में हरियाणा की भागीदारी को फिल्म जगत से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म बाजार के दूसरे दिन भी हरियाणा पवेलियन में देश-विदेश से आए फिल्म निर्माताओं, निर्देशकों, प्रोडक्शन हाउस और फिल्म उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने राज्य में फिल्म निर्माण की संभावनाओं को लेकर विशेष रुचि दिखाई।
हरियाणा सरकार द्वारा स्थापित इस पवेलियन के माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध भौगोलिक परिवेश, आकर्षक शूटिंग लोकेशन और हरियाणा फिल्म एवं मनोरंजन नीति-2022 के तहत फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी जा रही है।
पवेलियन में पहुंचने वाले प्रतिनिधियों को हरियाणा में फिल्म शूटिंग के लिए उपलब्ध सुविधाओं, शूटिंग की अनुमति प्राप्त करने की प्रक्रिया, फिल्म निर्माताओं को दिए जाने वाले प्रोत्साहन तथा फिल्म उद्योग के विकास के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों से अवगत करवाया जा रहा है।
इस अवसर पर हरियाणा की ओर से सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक मनीष लोहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी पवेलियन में उपस्थित रहे। वे फिल्म उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों को राज्य की फिल्म नीति, उपलब्ध सुविधाओं और फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दे रहे हैं।

