चंडीगढ़: हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि नागरिक उनके लिए केवल मतदाता नहीं है, बल्कि उनके परिवार का हिस्सा है। वे जनता द्वारा दिए गए आशीर्वाद और विश्वास का सम्मान करते हुए क्षेत्र के विकास तथा नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद कम्युनिटी सेंटर का उदघाटन और विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि कॉलोनियों की शेष सड़कों और नालियों सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 160 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया जा रहा है। आगामी छह माह में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास रहेगा।
विपुल गोयल ने युवाओं के रोजगार और शिक्षा को प्राथमिकता बताते हुए प्रत्येक परिवार से दो लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रयास करने का संकल्प लिया। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। सरकार द्वारा महिलाओं को 2,100 रुपये मासिक सहायता देने के वादे को पूरा करने की दिशा में कार्य शुरू किया गया है।

