पठानकोट: बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री तीन दिवसीय धार्मिक समागम में शामिल होने के लिए पठानकोट पहुंचे हैं। वह आज से 23 और 24 नवंबर तक पठानकोट में रहेंगे। इस दौरान 23 नवंबर को उनके द्वारा कथा की जाएगी, जबकि 24 नवंबर को दिव्य दरबार लगाया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
पठानकोट में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव द्वारा दिए गए बयान पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। दरअसल, अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा था कि पठानकोट पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री को 10 किलोमीटर आगे चले जाना चाहिए और अपने साथ भारत का झंडा भी लेकर जाना चाहिए।
इस पर जवाब देते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वह एक साधु-संत हैं और नेताओं के बयानों से उन्हें कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि वह साधु हैं और उन्हें नेताओं से कुछ नहीं लेना।
धर्म परिवर्तन को बताया गलत, लोगों से एकजुट होने की अपील
वहीं, धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर बात करते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वह पहले भी धर्म परिवर्तन को गलत बता चुके हैं और आज भी अपनी बात पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन गलत है और इस मुद्दे पर सभी लोगों को मिलकर आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि धर्म परिवर्तन के खिलाफ एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें।

