फाइनेंस की गाड़ी वापस लेने को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद, पुलिस ने धार्मिक विवाद की खबरों को बताया भ्रामक
ऊना: अंब रोड पर एक पेट्रोल पंप के समीप शनिवार सुबह दो पक्षों के बीच हुए विवाद में तलवारों से गाड़ी पर हमला करने और वाहन को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बलवंत सिंह उर्फ बंत बाबा और उसके दो साथियों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को रविवार को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे हुई इस घटना को लेकर पंडोगा निवासी वंश ने पुलिस चौकी शहर ऊना में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि दूसरी पार्टी के बलवंत सिंह उर्फ बंत बाबा और उसके साथियों ने उनकी गाड़ी पर तलवारों से हमला किया तथा वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि विवाद एक फाइनेंस की गई गाड़ी को वापस लेने की कार्रवाई के दौरान शुरू हुआ था। फाइनेंसर की ओर से आरोपी बलवंत सिंह से वाहन वापस लेने के प्रयास के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला लड़ाई-झगड़े तक पहुंच गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बलवंत सिंह उर्फ बंत बाबा और उसके दो साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तीनों को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगामी जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
धार्मिक विवाद नहीं, वित्तीय लेन-देन का मामला: पुलिस
जिला पुलिस ऊना ने घटना को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही चर्चाओं पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि दोनों पक्षों के बीच हुआ विवाद किसी भी धर्म या धार्मिक मुद्दे से संबंधित नहीं है। यह पूरी तरह से वित्तीय लेन-देन और फाइनेंस की गई गाड़ी को वापस लेने से जुड़ा मामला है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक जानकारियों और अफवाहों पर विश्वास न करें तथा बिना पुष्टि किए ऐसी सामग्री आगे साझा न करें। क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का सहयोग करें।

