गुआसावेः मेक्सिको के सिनालोआ राज्य में कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर फाउस्तो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ एल चापो इसिड्रो की गिरफ्तारी के बाद हिंसा भड़क उठी। इस दौरान सेना और मादक पदार्थ गिरोह के बंदूकधारियों के बीच मुठभेड़ में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सात संदिग्ध गिरोह सदस्य और चार सैनिक शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, तस्कर को शनिवार को गिरफ्तार कर मेक्सिको सिटी ले जाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात गुआसावे शहर में मेक्सिको की सेना और मादक पदार्थ गिरोह के सदस्यों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। इसके बाद शहर में कई ट्रकों और कारोबारी प्रतिष्ठानों को आग के हवाले कर दिया गया। हिंसा के दौरान स्थानीय नागरिकों ने दुकानों में छिपकर अपनी जान बचाई।
मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मुठभेड़ में सात संदिग्ध गिरोह सदस्य और चार सैनिक मारे गए। सुरक्षा बलों ने कार्रवाई के बाद हालात पर नियंत्रण के प्रयास किए। मेजा फ्लोरेस पहले बेल्ट्रान लेवा गिरोह का नेतृत्व करता था। बाद में उसने अपना आपराधिक संगठन बनाया, जिसे ‘मेजा-फ्लोरेस ट्रांसनेशनल क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन’ के नाम से जाना जाता है। वह अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) के 10 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में शामिल था।
अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने पर 5 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित किया था। उस पर अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियार रखने के आरोप हैं। मेक्सिको सरकार के अनुसार अमेरिकी प्रशासन से मिली खुफिया जानकारी ने उसकी गिरफ्तारी में मदद की। दोनों देशों की सरकारों ने इस कार्रवाई को सुरक्षा के लिहाज से बड़ी सफलता बताया है।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि मादक पदार्थ गिरोहों के सरगनाओं की गिरफ्तारी के बाद उनके संगठनों में नेतृत्व को लेकर संघर्ष बढ़ सकता है। इससे हिंसा की घटनाएं भी बढ़ने का खतरा रहता है। उनका कहना है कि किसी सरगना की गिरफ्तारी से पूरे आपराधिक नेटवर्क का खात्मा नहीं होता।

