पंचकूलाः हरियाणा के पंचकूला में सेंट्रल गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (CGST) के एक अधीक्षक (सुपरिटेंडेंट) को हाल ही में 10 लाख की रिश्वत के मामले में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। वहीं आज उनके आवास पर सीबीआई ने जब तलाशी अभियान चलाया तो लगभग 1.86 करोड़ रुपये मूल्य की नकदी, विदेशी मुद्रा, सोना और चांदी बरामद हुई है। आरोपी अधिकारी को 19 नवंबर 2026 को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
सुपरिंटेंडेंट के घर से CBI ने करीब 1.86 करोड़ रुपये की नकदी और कीमती सामान बरामद किया है। इसमें भारतीय और विदेशी करेंसी के अलावा सोने के गहने, सोने की ईंटें और चांदी शामिल हैं। आरोपी को CBI ने 19 नवंबर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। CBI के मुताबिक, आरोपी CGST सुपरिंटेंडेंट पर एक निजी कंपनी के GST मामले में अनुचित फायदा पहुंचाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
शिकायत मिलने के बाद CBI ने 19 नवंबर को पंचकूला में जाल बिछाया और आरोपी को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। इसके बाद 20 नवंबर को आरोपी के घर पर छापेमारी की गई। इस दौरान 24.29 लाख रुपये की भारतीय करेंसी और करीब 15.65 लाख रुपये के बराबर विदेशी मुद्रा बरामद हुई। इसके अलावा करीब 1.46 करोड़ रुपये के सोने के गहने, सोने की ईंटें और चांदी भी मिली। इस तरह कुल बरामदगी की कीमत करीब 1.86 करोड़ रुपये आंकी गई है।
छापेमारी के दौरान CBI को आरोपी के छह बैंक खातों, निवेश, जीवन बीमा पॉलिसी और कई अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। एक वाहन से जुड़े कागजात और आरोपी व उसके परिवार के सदस्यों के वित्तीय लेन-देन की जानकारी भी बरामद हुई है। CBI अब इन दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों की संपत्ति, निवेश और पैसों के लेन-देन का पूरा ब्योरा जुटाया जा सके। छापेमारी के दौरान मिली इतनी बड़ी मात्रा में बरामदगी की वजह से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों का कहना है कि इतना पैसा बिना भ्रष्टाचार के कैसे कमाया जा सकता है।

