लुधियानाः हैबोवाल इलाके के 22 फीट रोड पर एक पालतू कुत्ते की चोरी का अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक एक्टिवा सवार आरोपी ने करीब 25 हजार रुपए कीमत के 6 महीने के शिह त्ज़ु (Shih Tzu) नस्ल के पिल्ले को सरेआम चोरी कर लिया। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति एक्टिवा पर सवार होकर वहां पहुंचता है।
उसकी नजर 6 महीने के छोटे पिल्ले पर पड़ती है। आरोपी ने पहले कुत्ते को गर्दन से पकड़ा और उसे दो-तीन बार अपनी तरफ खींचा। इसके बाद वह बड़ी चालाकी से कुत्ते को उठाकर अपनी एक्टिवा पर रखता है और मौके से रफूचक्कर हो जाता है। पीड़ित परिवार के मुताबिक वे 18 नवंबर को माता चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए गए थे। जाने से पहले वे अपने 6 महीने के इस पालतू कुत्ते की देखभाल के लिए उसे हैबोवाल के 22 फीट रोड स्थित अपने भाई के घर छोड़ गए थे।
इसी दौरान शाम को जब कुत्ता घर के बाहर या गली में था तो मौका पाकर एक्टिवा सवार उसे चुरा ले गया। परिवार का कहना है कि यह शिह त्ज़ु नस्ल का डॉग करीब 25 हजार रुपए का था और घर के सभी सदस्यों को उससे काफी लगाव था। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब आरोपी एक्टिवा सवार की पहचान करने की कोशिश की जा रही है ताकि जल्द से जल्द उनका पालतू कुत्ता वापस मिल सके।

