फिरोजपुरः जिले में 27 नवंबर की रात अचानक सायरन बजेंगे और कुछ समय के लिए अंधेरा छा जाएगा। यह किसी हवाई हमले या सैन्य कार्रवाई का संकेत नहीं, बल्कि केंद्र सरकार के निर्देशों पर पंजाबभर में होने वाली सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का हिस्सा होगा। पंजाब सरकार की ओर से 27 नवंबर 2026 को रात 8 बजे पूरे राज्य में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज करवाई जाएगी। फिरोजपुर में यह अभ्यास शहर के सिविल अस्पताल के पास हाउसिंग बोर्ड कालोनी में आयोजित होगा। इसकी तैयारियों को लेकर सहायक कमिश्नर हिमांशु अंडर ट्रेनिंग ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मॉक ड्रिल की शुरुआत एयर रेड वार्निंग सायरन से होगी। यह सायरन दो मिनट तक हाई-लो पिच में बजेगा। इसके साथ ही निर्धारित क्षेत्र में ब्लैकआउट लागू किया जाएगा। इस दौरान लोगों से गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने की अपील की गई है। हालांकि अस्पतालों और फायर ब्रिगेड जैसी आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी। अभ्यास के समापन पर ऑल क्लियर का संकेत दिया जाएगा। इसके लिए दो मिनट तक लगातार हाई पिच पर सायरन बजाया जाएगा। मॉक ड्रिल में केवल ब्लैकआउट ही नहीं, बल्कि आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का भी विभिन्न विभागों की ओर से अभ्यास किया जाएगा।
सहायक कमिश्नर हिमांशु ने स्पष्ट किया कि यह नियमित सिविल डिफेंस अभ्यास है, जिसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति या हवाई हमले जैसी परिस्थिति में प्रशासन और संबंधित विभागों की तैयारियों को परखना है। उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि सायरन सुनकर या ब्लैकआउट देखकर किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही घबराएं। यह किसी सैन्य कार्रवाई का हिस्सा नहीं है। बैठक में सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन परमिंदर सिंह थिंद, स्टोर सुपरिंटेंडेंट अनीश गुप्ता, सेना और पुलिस के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

