मुबंईः बॉलीवुड सितारों को धमकी मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। अब अभिनेता सैफ अली खान को धमकी दिए जाने की खबर सामने आई है। सैफ को जान से मारने की धमकी मिली है और इससे सिनेमाई गलियारे में हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि एक्टर को धमकी देने वाला बाबा सिद्दीकी के हत्याकांड से ताल्लुक रखने वाल मुख्य आरोपी है।
बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान को बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांछित आरोपी और जालंधर के देहात के रहने वाले जीशान अख्तर से धमकी मिली है। मुंबई पुलिस इस धमकी की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह सच में अख्तर की तरफ से आई है या कोई और उसके नाम का इस्तेमाल कर रहा है। इसके लिए डिजिटल सबूतों की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी बॉलीवुड के कई सितारों को धमकी भरे संदेश और ऑडियो क्लिप मिल चुके हैं। एक अधिकारी ने बताया कि इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी धमकियां मिल चुकी हैं। उस मामले में, पुलिस ने बेंगलुरु के रहने वाले 30 वर्षीय IIT ग्रेजुएट वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था, जिसने कथित तौर पर धमकियां देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किया था। अधिकारी ने बताया कि मिश्रा का किसी भी गिरोह से कोई संबंध नहीं है।

