जालंधर, ENS: श्री गुरु रविदास चौक पर आज पुलिस की मौजूदगी में जातिसूचक शब्द कहे जाने पर लोगों द्वारा धरना लगाकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मुख्य चौक पर एससी समुदाय सहित प्रवासी सड़क पर धरना लगाकर बैठ गए। जिसके कारण मुख्य चौक पर भारी जाम लग गया। वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही है। मिली जानकारी के अनुसार प्रणव चौधरी को बैंक कालोनी के शूज फैक्टरी मालिक वरुण महाजन द्वारा जातिसूचक शब्द कहे गए थे।
इसी के साथ लाइसेंस पिस्टल तानने के आरोप लगे थे। इस मामले को लेकर कल राजीनामा करने को लेकर बात की गई। इस दौरान आरोप लगाए गए कि महाजन द्वारा माफी मांगने से इंकार कर दिया गया। इसी के रोष में आज एससी समुदाय और प्रवासियों की ओर से प्रदर्शन किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस द्वारा कार्रवाई करने का आश्वासन देकर धरने को समाप्त करवाया गया।
मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपी माधवी शर्मा ने कहाकि 6 दिन पहले दो पक्षों में विवाद हुआ था। ऐसे में बीते दिन दोनों पक्षों द्वारा समझौता करने को लेकर समय निर्धारित किया गया। जहां एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष पर जातिसूचक शब्द कहने के आरोप लगाए गए। इस दौरान पिस्टल तानने के आरोप लगाए गए। एडीसीपी ने कहाकि जिन पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में जातिसूचक शब्द कहने को लेकर विवाद हुआ है, उन्हें भी बुलाया गया है। वहीं इस घटना को लेकर परिजनों के बयानों पर बनती कार्रवाई की जा रही है।
वहीं आयूब खान ने कहा कि शू मार्केट के प्धान रविंदर चौधरी और उनके बेटे को जातिसूचक शब्द कहे गए थे। इस दौरान रिवाल्वर दिखाई गई। ऐसे में घटना को लेकर बीते दिन थाने गए तो पुलिस की मौजूदगी में फिर से महाजन द्वारा गलत व्यवहार किया गया। आयूब खान ने कहा कि अब पुलिस ने पर्चा दर्ज करने का आश्वासन दिया है और महाजन की रिवाल्वर को लेकर लाइसेंस रद्द करने का भरोसा दिया गया।

