जालंधर, ENS: ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक पर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने पहुंचे गांव बुलंदपुर निवासी विजय कुमार ने अधिकारियों पर रिश्वत मांगने और आवेदकों के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि टेस्ट पास करने और सभी जरूरी दस्तावेज पूरे होने के बावजूद उन्हें करीब एक महीने से लाइसेंस जारी नहीं किया गया। इस संबंध में वह दो बार कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। विजय कुमार ने बताया कि जब वह अपनी फाइल के संबंध में जानकारी लेने कार्यालय पहुंचे तो उन्हें एक अधिकारी से मिलने के लिए ऊपर भेज दिया गया।
वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें सुबह 9 बजे आने और आवेदन जमा करवाने की बात कही। लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि आवेदन किस अधिकारी के पास देना है। इसके बाद संबंधित अधिकारी से बातचीत के दौरान उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। विजय ने आरोप लगाया कि उनसे लाइसेंस बनवाने के बदले 5 से 10 हजार रुपये तक मांगे जा रहे हैं। उनका दावा है कि फोन पर भी अनजान नंबरों से पैसों की मांग की गई, हालांकि उनके पास इसका कोई रिकॉर्ड या ठोस सबूत नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच करवाने की मांग करते हुए कहा कि लाइसेंस बनवाने आने वाले लोगों को बेवजह परेशान न किया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए और जरूरत पड़ने पर उसे निलंबित किया जाए।
दूसरी तरफ मामले पर पक्ष रखते हुए संबंधित अधिकारी ने आरोपों को नकार दिया। उन्होंने बताया कि कार्यालय में आम लोगों के लिए सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक का समय निर्धारित है। अधिकतर आवेदनों को ऑटो अप्रूवल के माध्यम से मंजूरी दी जाती है। यदि किसी फाइल में दस्तावेजों की कमी या कोई आपत्ति होती है तो आवेदन वापस कर दिया जाता है और आवेदक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर इसकी सूचना भेजी जाती है। अधिकारी ने बताया कि यदि किसी आवेदक को फाइल या ट्रैक पर तैनात स्टाफ से संबंधित कोई परेशानी है तो वह उनसे मिलकर शिकायत कर सकता है। उन्होंने रिश्वत मांगने के आरोपों पर कहा कि यदि किसी कर्मचारी या अधिकारी द्वारा पैसे मांगे गए हैं तो आवेदक लिखित शिकायत के साथ संबंधित दस्तावेजी सबूत उपलब्ध करवाए। ऐसी शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

