बठिंडाः जिले में शातिर ठग ने सस्ते रिफाइंड और सरसों के तेल की सप्लाई दिलाने का झांसा देकर रेहड़ी संचालक से 10 हजार रुपए ठग लिए। आरोपी ने ई-रिक्शा चालक को भी फंसाकर दोनों को आपस में उलझा दिया। हैरानी की बात यह रही कि ठगी के शिकार दोनों लोग शिकायत दर्ज करवाने थाना कोतवाली पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात हुई। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दरअसल, घटना की शुरुआत ठंडी सड़क स्थित थाना कैनाल के पास से हुई। यहां कमल सिंह फूड की रेहड़ी लगाता है। ई-रिक्शा में सवार होकर आए एक अज्ञात व्यक्ति ने रेहड़ी चालक से बातचीत शुरू की। ठग ने खुद को हरियाणा का निवासी बताते हुए कहा कि वह रिफाइंड, सरसों के तेल और बेसन की सप्लाई का काम करता है।
उसने रेहड़ी चालक को झांसा दिया कि वह शहर के बड़े होलसेलरों से उसे बाजार भाव से 40 प्रतिशत कम कीमत पर राशन दिलवा सकता है। ठग ने शर्त रखी कि वह अपने साथ किसी लेबर वाले को भेज दे, ताकि वह होलसेलर को उसे अपनी फर्म का आदमी बता सके। लेबर न होने के कारण रेहड़ी चालक खुद ही उसके साथ जाने को तैयार हो गया। रेहड़ी चालक, ठग और पहला ई-रिक्शा चालक तीनों रेलवे रोड की तरफ चल पड़े। रेलवे रोड पर पहुंचकर ठग ने यह कहकर रेहड़ी चालक को वहां उतार दिया कि यह ई-रिक्शा किसी लाला की फर्म में लगा हुआ है।
कुछ देर बाद ठग एक नया ई-रिक्शा लेकर लौटा और रेहड़ी चालक को साथ बिठाकर गांधी मार्केट पहुंच गया। गांधी मार्केट में ठग ने रेहड़ी चालक से सामान लाने के लिए 10 हजार रुपए मांगे। रेहड़ी चालक ने सीधे पैसे देने से इनकार कर दिया। इस पर शातिर ठग ने नया पैंतरा खेला। उसने ई-रिक्शा की चाबी रेहड़ी चालक को सौंप दी और कहा कि वह ई-रिक्शा अपने पास खड़ा रखे और 10 हजार रुपए इस ई-रिक्शा चालक को दे दे। उसने ई-रिक्शा चालक को सामान उठवाने और दिहाड़ी के तौर पर 500 रुपए देने का लालच देकर अपने साथ चलने को मना लिया।
रेहड़ी चालक ने भरोसे में आकर ई-रिक्शा चालक को 10 हजार रुपए थमा दिए। गांधी मार्केट की गलियों में जाने के बाद ठग ने ई-रिक्शा चालक को भी अपने जाल में फंसा लिया। ठग ने किसी व्यक्ति से ई-रिक्शा चालक की फोन पर बात कराई। फोन पर बात करने वाले ने खुद को वही रेहड़ी चालक बताया और कहा कि वह 10 हजार रुपए साथ आए व्यक्ति (ठग) को दे दे। फोन पर आवाज सुनकर ई-रिक्शा चालक ने 10 हजार रुपए ठग को दे दिए। इसके बाद ठग ने उसे सामने से बिल लाने के लिए भेज दिया और खुद नकदी लेकर रफूचक्कर हो गया।
काफी देर इंतजार करने के बाद जब कोई नहीं लौटा, तो रेहड़ी चालक ई-रिक्शा लेकर थाना कैनाल पहुंचा। उसे घटनास्थल गांधी मार्केट होने के कारण थाना कोतवाली भेज दिया गया। जब रेहड़ी चालक कोतवाली पहुंचा, तो वहां ई-रिक्शा चालक पहले से ही शिकायत दर्ज करवा रहा था। दोनों के बीच थाने में बहस शुरू हो गई, लेकिन जब पुलिस ने गांधी मार्केट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो ठग की पूरी साजिश बेनकाब हो गई। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

