तेहरानः ईरान के पश्चिमी इलाम प्रांत में तेल और गैस कंपनी के कर्मचारियों को ले जा रही एक बस के पलट जाने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए। एक रिपोर्ट के अनुसार ये हादसा इराकी सीमा के पास अब्दानन और देहलोरन काउंटियों के बीच सड़क पर हुआ, जब प्राकृतिक गैस तरल (NGL) कंपनी के कर्मचारियों को ले जा रही बस पलट गई। अब्दानन काउंटी के गवर्नर बेहजाद नूरमोहम्मदी ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए इलाम, देहलोरन, देजफुल और अब्दानन के अस्पतालों में ले जाया गया है।
उन्होंने बताया कि दुर्घटनास्थल पर 32 कर्मियों वाली 12 बचाव टीमें भेजी गईं। आपातकालीन राहत कार्य में छह एम्बुलेंस और छह सहायता व बचाव वाहन भी शामिल थे।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर है। ईरान में सड़क सुरक्षा का रिकॉर्ड खराब है। जून में आधिकारिक ईरानी लीगल मेडिसिन ऑर्गनाइजेशन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मार्च तक के 12 महीनों में सड़क हादसों में लगभग 20,000 लोगों की जान चली गई।
