मियामीः अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार रात एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। रात करीब सवा 9 बजे एयरपोर्ट के दो टैक्सी-वे के चौराहे पर यूपीएस (UPS) के एक बोइंग 767 कार्गो विमान और कोपा एयरलाइंस के एक बोइंग 737 यात्री विमान की आपस में टक्कर हो गई।
गनीमत यह रही कि दोनों ही विमानों की रफ्तार काफी धीमी थी, जिसके चलते एक भीषण दुर्घटना टल गई और कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। यह घटना उस वक्त हुई जब यूपीएस की फ्लाइट 358 मियामी से कोलंबिया के बोगोटा के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी, जबकि कोपा एयरलाइंस की फ्लाइट 427 पनामा सिटी से लैंडिंग के बाद टर्मिनल की तरफ बढ़ रही थी।
घटना के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और पायलटों के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे साफ पता चलता है कि यह हादसा किसकी चूक के कारण हुआ। एटीसी नियंत्रक ने यूपीएस के क्रू को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि उन्हें कोपा एयरलाइंस के यात्री विमान को पहले गुजरने का रास्ता देना चाहिए था।
हालांकि, यूपीएस का विमान तय सीमा से थोड़ा आगे बढ़कर यात्री विमान के रास्ते में आ गया। टक्कर के तुरंत बाद ऑडियो में एक पायलट यह स्वीकार करते हुए सुनाई दे रहा है कि वे थोड़ा ज्यादा आगे निकल गए थे और दूसरे विमान ने अपने विंग से उन्हें रगड़ दिया। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के अनुसार कोपा एयरलाइंस के बोइंग 737 के विंग का सिरा यूपीएस के बोइंग 767 विमान के अगले हिस्से यानी नोज से टकराया था। विमान में बैठे एक यात्री द्वारा बनाए वीडियो में कार्गो प्लेन के अगले हिस्से को पहुंचे नुकसान को साफ तौर पर देखा जा सकता है।
दो लोगों को आई हल्की चोटें, अमेरिका में पहले से चरमराई उड़ानों के बीच हुआ हादसा
हादसे की सूचना मिलते ही मियामी-डेड फायर रेस्क्यू की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, इस मामूली टक्कर में दो लोगों को हल्की चोटें आईं, जिनका मौके पर ही प्राथमिक उपचार कर दिया गया और किसी को भी अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी। मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचार निदेशक ग्रेग चिन ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि सभी विमानों को दूसरे वैकल्पिक टैक्सी-वे की तरफ डायवर्ट कर दिया गया है, जिसके चलते एयरपोर्ट के सामान्य कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा है और संचालन सुचारू रूप से जारी है।
गौरतलब है कि यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब मियामी समेत पूरे अमेरिका के एयरपोर्ट्स पहले से ही भारी अव्यवस्था से जूझ रहे हैं। हाल ही में एटीसी की पुरानी तकनीक और रडार सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के बाद एफएए (FAA) ने देशभर में विमानों की उड़ानों पर अस्थायी रोक लगा दी थी, जिसके कारण हजारों उड़ानें लेट या रद्द हो गईं थीं।
