पंचकूलाः पुलिस कानून-व्यवस्था के साथ-साथ आपात परिस्थितियों में मानव जीवन की रक्षा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। इसी का उदाहरण आज सुबह अमरावती एनक्लेव क्षेत्र में देखने को मिला, जहां अमरावती चौकी इन्चार्ज प्रीतम सिंह की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े एक व्यक्ति को समय रहते अस्पताल पहुंचाया और उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। पुलिसकर्मियों ने बिना समय न केवल घायल को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई, बल्कि उसके परिजनों को भी सूचित किया।
सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़े व्यक्ति के लिए देवदूत बनी पुलिस
#haryananews #accident #RoadSafety #encounternews https://t.co/6H7ujNLlej
— Encounter Newspaper (@encounter_md) November 13, 2026
डीसीपी अमरिंदर सिंह के अनुसार, आज सुबह करीब 9 बजे पुलिस चौकी अमरावती में सूचना प्राप्त हुई कि अमरावती एनक्लेव स्थित चोखी ढाणी के नजदीक टैक्सी स्टैंड के पास एक व्यक्ति औंधे मुंह जमीन पर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही एएसआई चिरंजी लाल और सिपाही राजीव बिना किसी देरी के मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति जमीन पर औंधे मुंह पड़ा था और उसकी नाक से खून निकल रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना देकर मौके पर बुलाया और घायल व्यक्ति को बिना समय गंवाए सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही पुलिस द्वारा उसके परिजनों को भी घटना की सूचना दी गई।
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घायल व्यक्ति डीएलएफ क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करता है और इसी क्षेत्र में किराये के मकान में रहता है। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। फिलहाल व्यक्ति सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन है और उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। चिकित्सकों द्वारा उसके आवश्यक मेडिकल चेकअप किए जा रहे हैं। व्यक्ति को दौरा पड़ने के बाद गिरने से चोट लगी है या इसके पीछे कोई अन्य शारीरिक समस्या है, इसकी वास्तविक स्थिति चिकित्सकीय जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
इस संबंध में पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में किसी जरूरतमंद की सहायता करना और मानव जीवन की रक्षा करना भी पुलिस का महत्वपूर्ण दायित्व है। आपात परिस्थितियों में कुछ मिनट भी किसी की जिंदगी बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। अमरावती चौकी की पुलिस टीम ने समय पर मौके पर पहुंचकर अपनी सूझबूझ, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस प्रत्येक परिस्थिति में आमजन की सुरक्षा, सहायता और सेवा के लिए तत्पर है।
