पिंजौरः पंचकूला में डीएलएफ वैली, पिंजौर में एक दुखद घटना सामने आई है। जहां फ्लैट नंबर E-3/22 में रहने वाले रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल पीयूष वर्मा की पत्नी ने अपने आवास पर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान शिखा वर्मा के नाम पर हुई है, जो कि आर्मी के मेजर पोस्ट पर थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने निजी कारणों के चलते यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में आगामी कार्रवाई अमरावती चौकी पुलिस द्वारा की जा रही है। अमरावती के चौंकी इंचार्ज प्रीतम सिंह का कहना कि शिखा वर्मा हरियाणा के रोहतक की रहने वाली है।
रोहतक से शिखा का परिवार देर रात कालका हॉस्पिटल पहुंचा। जहां शिखा की बॉडी रखी गई है। शिखा का मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाकर बॉडी परिजनों को दी गई। पुलिस के अनुसार, दंपती पिछले करीब 2 साल से डीएलएफ वैली के फ्लैट में किराए पर रह रहा था। पीयूष वर्मा मूल रूप से दिल्ली के जनकपुरी के रहने वाले हैं और सेना से रिटायरमेंट के बाद फिलहाल चंडीमंदिर कैंट में कार्यरत हैं। वहीं, उनकी पत्नी मेजर शिखा वर्मा हरियाणा के रोहतक की रहने वाली थीं। दोनों का एक 5 साल का बेटा भी है।
जानकारी के अनुसार, परिवार दिवाली मनाने के बाद रविवार रात को ही दिल्ली के जनकपुरी से पंचकूला स्थित अपने आवास पर पहुंचा था। घर पहुंचने के बाद पति-पत्नी अपने बच्चे के साथ सोने चले गए थे। पति के सोने के बाद पत्नी ने दूसरे कमरे में जाकर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगा लिया। घटना की जानकारी रोहतक स्थित महिला के मायके वालों को दे दी गई है। अमरावती पुलिस चौकी इंचार्ज प्रीतम सिंह ने बताया कि महिला द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने की पुष्टि हुई है, लेकिन अभी सुसाइड की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। रोहतक से परिजनों के पंचकूला पहुंचने के बाद उनके बयानों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
