शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज एसजेवीएन लिमिटेड द्वारा संचालित 1500 मेगावाट क्षमता वाली नाथपा झाकड़ी जलविद्युत परियोजना (एनजेएचपीएस) का दौरा कर परियोजना की परिचालन दक्षता और देश की ऊर्जा अधोसंरचना और आवश्यकता की पूर्ति में इसके योगदान की समीक्षा की।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एवं मुख्य महाप्रबंधक राजीव कपूर ने राज्यपाल को परियोजना की विद्युत उत्पादन क्षमता, परिचालन संबंधी उपलब्धियों तथा तकनीकी प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने राज्यपाल को अवगत करवाया कि जलविद्युत परियोजनाओं में उपयोग होने वाले कई महत्त्वपूर्ण अत्याधुनिक उपकरणों को पहले विदेश से आयातित किया जाता था, लेकिन वर्तमान में अब इनका निर्माण स्वदेशी रूप से किया जा रहा है।

इस उपलब्धि को रेखांकित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसी नवाचारों के माध्यम से भारत स्वदेशी विनिर्माण के क्षेत्र में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

उन्होंने तकनीकी नवाचार, कार्यस्थल पर सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता देने पर भी बल दिया। राज्यपाल ने परियोजना प्रबंधन, इंजीनियर और तकनीकी कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनसे राष्ट्र निर्माण में इसी समर्पण, प्रतिबद्धता और कार्यनिष्ठा के साथ निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।
