नई दिल्लीः आम आदमी को एक और बड़ा झटका लगा है। जहां, सरकारी आंकड़ों को देखें तो देश में अक्टूबर महीने की खुदरा महंगाई 6 फीसदी के पार चली गई है। खास बात यह है कि करीब दो साल बाद महंगाई भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की 6 फीसदी की ऊपरी सीमा से बाहर निकल गई है। सब्जियों और खाने-पीने की दूसरी चीजों की कीमतों में तेजी का असर अब खुदरा महंगाई के आंकड़ों पर भी दिखने लगा है। वहीं ग्रामीण इलाकों में महंगाई दर 5.41 फीसदी देखी गई है. फूड इंफ्लेशन करीब 9 फीसदी देखने को मिल रहा है।
मिनिस्ट्री ऑफ स्टैटिक्स एंड प्रोग्राम इंप्लीमेंटेशन की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में खाद्य महंगाई दर बढ़कर 8.94 फीसदी हो गई। सितंबर में यह 7.74 फीसदी थी। यानी एक महीने के भीतर खाने-पीने की चीजों की महंगाई में तेज उछाल आया है। खाने पीने की चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम परिवारों की जेब पर पड़ रहा है।
अक्टूबर में जिन चीजों की कीमतों में सबसे ज्यादा तेजी दर्ज की गई, उनमें प्याज सबसे ऊपर रहा। प्याज की महंगाई दर 116.22 फीसदी रही। इसके अलावा लहसुन के दाम में 60.74 फीसदी, अदरक में 48.32 फीसदी और नींबू में 47.30 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वैश्विक स्तर पर खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी ने घरेलू दबाव को और बढ़ा दिया है।
गौरतलब है कि अक्टूबर में RBI ने करीब चार साल बाद रेपो रेट में 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी कर इसे 5.50 फीसदी कर दिया था। अब 2 से 4 दिसंबर के बीच होने वाली मौद्रिक नीति समिति की बैठक में अक्टूबर के महंगाई आंकड़े अहम भूमिका निभा सकते हैं। महंगाई का दबाव बना रहा तो ब्याज दरों में आगे भी बदलाव की संभावना पर चर्चा हो सकती है।
