मुजफ्फरपुरः बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सदर थाने के फरदो गोला लक्ष्मी नगर गली नंबर तीन में गहने गिरवी रखने को लेकर पति से विवाद के बाद एक महिला अपने दो बच्चों के साथ कमरे में ही दुपट्टे का फंदा लगाकर लटक गई। जिसमें मां रीना कुमारी (28) और बेटी आकृति कुमारी उर्फ टूटू (5) की मौत हो गई, जबकि फंदा टूट जाने से बेटा अंशुमान उर्फ कल्लू कुमार (2) नीचे गिर गया। जिससे उसकी जान बच गई।
अंशुमान फंदे पर लटकी मां व बहन के शव के नीचे खड़ा रो रहा था। रोने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। बताया कि कोचिंग संचालक सह ट्यूशन टीचर निर्भय कुमार ने दो साल पहले पत्नी के गहने गिरवी रखकर बहन की शादी के लिए कर्ज लिया था।
आर्थिक तंगी के कारण वह छह माह से ईएमआई जमा नहीं कर पा रहा था। गहने छुड़ाने को लेकर सुबह में पति-पत्नी में विवाद हुआ था। जिसके बाद पति कोचिंग में पढ़ाने चले गए। निर्भय पारू थाने के चिंतावनपुर गांव के निवासी हैं। लक्ष्मी नगर में डेढ़ साल से किराये के घर में रह रहे है। वैशाली के सोहरथा गांव के लालबाबू राय की बेटी रीना से छह साल पूर्व उनकी शादी हुई थी।
दीपक कुमार ने कहा कि मां ने दो बच्चों संग फंदा लगा लिया, मां-बेटी की मौत हो गई है। बेटा सुरक्षित बच गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर जांच की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों के बयान के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोपहर से ही घर से कोई आवाज नहीं आ रही थी। अचानक दो साल के अंशुमान के रोने की आवाज सुनाई दी। काफी देर तक रोने की आवाज आने पर पड़ोस के लोगों को शक हुआ। गेट खटखटाया, लेकिन अंदर से जवाब नहीं आया। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। घटनास्थल की फॉरेंसिक से जांच कराई गई है।
निर्भय कुमार चार भाईयों में दूसरे नंबर पर हैं। वह अपने बेटा-बेटी और पत्नी के साथ फरदो के पास किराए के मकान में रहते थे। बड़ा भाई अभय कुमार चेन्नई में मजदूरी करता है। ग्रामीणों ने बताया कि एक साल पूर्व निर्भय की मां का निधन हो गया था। पिता जवाहर राय गांव में रहकर खेतीबाड़ी करते हैं।
घटना की सूचना पति निर्भय को दी गई। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। इधर, दो साल के मासूम अंशुमान को परिजनों को सौंप दिया गया है।
