गुवाहाटीः असम में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। गुवाहाटी के पास डिगारू रेलवे स्टेशन पर सायरंग-कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन के छह डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों के मुताबिक दुर्घटना में कई यात्रियों के घायल होने की आशंका है, हालांकि अभी तक किसी की मौत की सूचना नहीं मिली है।
अधिकारियों ने बताया कि मिजोरम की राजधानी आइजोल के पास स्थित सायरंग से कोलकाता जा रही यह ट्रेन कामरूप (मेट्रोपोलिटन) जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन के पास सुबह 6 बजकर 54 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हुई। हादसे में ट्रेन के छह डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए।
एक अधिकारी के अनुसार दुर्घटना में कई यात्रियों के घायल होने की खबर है, लेकिन घायलों की सही संख्या और हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
हादसे के बाद रेलवे की ओर से एक राहत ट्रेन घटनास्थल पर भेजी गई है। इसका इस्तेमाल बचाव अभियान चलाने और पटरी से उतरे क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने के लिए किया जाएगा। रेलवे की टीमें दुर्घटना के कारणों का पता लगाने और रेल यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटी हैं।
