अमृतसरः जिले के मोहकमपुरा थाने के अंतर्गत आने वाले इलाके में बीती रात फायरिंग की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार घन्हैया अस्पताल के पास हुई इस घटना के दौरान 22 वर्षीय गगनदीप सिंह घायल हो गया। जानकारी के अनुसार गोली युवक की जांघ को छूकर निकल गई। इस मामले की जानकारी देते हुए एसएचओ हरप्रकाश सिंह ने बताया कि गगनदीप सिंह मोहकमपुरा इलाके का रहने वाला है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों पक्षों के बीच 3500 रुपये का लेनदेन था और दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते थे। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में दीपू, संदीप सिंह और 4 अज्ञात युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इन युवकों का रिकार्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
