अमृतसरः देहाती इलाके में बीएसएफ की दो अलग-अलग पोस्टों पर की गई कार्रवाई के दौरान 5 किलो 152 ग्राम हेरोइन और 100 कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक ड्रोन, मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी मिला है। दोनों मामलों में थाना भिंडी सैदां में केस दर्ज किए गए हैं। दोनों मामलों में किसी का नाम सामने नहीं आया है। पुलिस के मुताबिक, BSF की बीओपी फतेहपुर की टीम ने गांव अवाण लखा सिंह के इलाके में कार्रवाई करते हुए 5 किलो 152 ग्राम हेरोइन बरामद की।
तलाशी के दौरान एक वीवो मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी मिला। इस संबंध में थाना भिंडी सैदां में मुकदमा नंबर 181 दर्ज किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दूसरे मामले में बीएसएफ की बीओपी शेरपुर की टीम ने अपने इलाके में तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान एक ड्रोन, एक एल्यूमिनियम स्ट्रिप और 9 एमएम के 100 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में थाना भिंडी सैदां में मुकदमा नंबर 182 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य सामान के आधार पर जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हेरोइन, ड्रोन और कारतूस किसने यहां पहुंचाए थे और इनके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
