अमृतसरः कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले दो नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं। इस मामले की जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने आज अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की है। डीजीपी गौरव यादव के मुताबिक, पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे।
ये हैंडलर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए आरोपियों से संपर्क बनाए रखते थे और अवैध हथियारों की सप्लाई करवाते थे। हथियारों की खेप ड्रोन के माध्यम से भेजी जाती थी। इसके बाद आरोपी ड्रोन के जरिए पहुंचने वाली खेप को इकट्ठा कर आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों तक पहुंचाते थे। पुलिस ने नेटवर्क को लेकर दो अलग-अलग FIR दर्ज की हैं। इनमें एक मामला थाना छेहरटा और दूसरा थाना सिविल लाइन में दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
जांच के दौरान यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियारों की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े सभी संपर्कों का पता लगाने में जुटी है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस संगठित आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने, अवैध हथियारों की तस्करी पर रोक लगाने और राज्य में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
