गुरुग्राम: दिल्ली से गुरुग्राम में एक वाहन चालक से ‘दिवाली का तोहफा’ मांगने के आरोप में एक होमगार्ड को गिरफ्तार किया गया है। वाहन चालक ने पूरी घटना कार के डैशकैम में रिकॉर्ड कर ली थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ओमकार नूंह जिले का रहने वाला है। यह घटना सात नवंबर को हुई, जब एक व्लॉगर अपने परिवार के साथ कार से जा रहा था। साइबर हब के पास आरोपी ओमकार ने कार को रुकने का इशारा किया और बार-बार उन्हें ‘दिवाली की शुभकामनाएं’ दीं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर अप्रत्यक्ष रूप से पैसे या ‘तोहफे’ मांगने शुरू कर दिए और कहा कि उसकी दिवाली सूखी (बिना किसी तोहफे के) रही। जब व्लॉगर ने कहा कि उसके पास बटुआ नहीं है तो आरोपी ने मजाक उड़ाते हुआ कहा कि क्या कार में बैठे किसी भी भाई के पास बटुआ नहीं है? घटना का कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। पुलिस ने बताया कि होमगार्ड के खिलाफ डीएलएफ फेज-तीन थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। व्लॉगर ने यूपीआई के जरिए पैसे देने की पेशकश भी की, लेकिन आरोपी ने इनकार कर दिया।
इसके बाद व्लॉगर ने अपनी कार में रखा एक उपहार का पैकेट देने की पेशकश की। यह भी आरोप है कि उपहार का पैकेट लेते समय होमगार्ड ने कार में रखा एक और पैकेट भी उठाने की कोशिश की ताकि वह अपनी पसंद का उपहार चुन सके। पुलिस ने बताया कि व्लॉगर ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उपहार ऐसी चीज नहीं हैं जिनकी मांग की जाए। हालांकि, होमगार्ड ने इसके बावजूद उपहार का पैकेट ले लिया और बार-बार कहता रहा कि उसकी दिवाली सूखी रही। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
