संगरूरः भवानीगढ़ में फग्गूवाला कैंचियां के पास नेशनल हाईवे के फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां इस हासे में थार सवार 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार थार गाड़ी आगे जा रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। इस हादसे के बाद उक्त गाड़ी का चालक मौके से फरार हो गया। वहीं घटना में थार सवार युवक की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। मामले की जानकारी देते हुए थाना भवानीगढ़ के एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान 23 वर्षीय नितेश जिंदल पुत्र शाम लाल जिंदल निवासी संगरूर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि मृतक का जीरकपुर में कारोबार था और वह अपनी थार गाड़ी में जीरकपुर से संगरूर लौट रहा था। जब वह फागुवाला कैंचियान स्थित फ्लाईओवर पर पहुंचे तो उनकी गाड़ी आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि थार चालक गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंस गया। उधर, सड़क सुरक्षा बल के प्रभारी एएसआई शमशेर सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही बल की टीम मौके पर पहुंची और गाड़ी में फंसे गंभीर रूप से घायल नितेश जिंदल को बाहर निकाला और तुरंत स्थानीय सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। आगे की कार्रवाई भवानीगढ़ थाने की पुलिस कर रही है।
