नई दिल्लीः काहिरा के दक्षिण में स्थित गीजा प्रांत में दो यात्री ट्रेनों की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक ट्रेन कंडक्टर समेत कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है। वहीं इस ट्रेन हादसे में 125 लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना मिस्र की राजधानी से लगभग 52 किलोमीटर दूर अल-अय्यात जिले में हुई। वहां के स्वास्थ्य मंत्रालय ने हादसे की पुष्टि करते बताया कि हताहतों को इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां से करीब 70 से ज्यादा घायल यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
ट्रेन हादसे के बारे में परिवहन मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण-पश्चिमी प्रांत फयूम की ओर जा रही एक ट्रेन दक्षिणी मिस्र में असवान की ओर जा रही दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई। मुख्य अभियोजक कार्यालय ने बताया कि जांचकर्ता देर रात घटनास्थल पर पहुंचे।
अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि गीजा-फयूम ट्रेन, काहिरा-असवान ट्रेन के आखिरी डिब्बे से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ। काहिरा-असवान ट्रेन उसी ट्रैक पर खड़ी थी और उसी दिशा में जा रही थी। अधिकारियों ने अभी तक इस टक्कर के कारण की घोषणा नहीं की है।
अल-अय्यात के काफ्र गिरजा के रहने वाले अयमन जमाल ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि दुर्घटनास्थल के पास रहने वाले लोग हादसे के बाद यात्रियों की मदद के लिए सबसे पहले आए। लोग दौड़ कर हादसे वाली जगह पहुंचे हर तरफ चीख-पुकार मची थी।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने मलबे से बचे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। अस्पताल जाने के लिए एंबुलेंस को बुलाया। जमाल ने बताया कि उन्होंने लगभग 80 घायल लोगों को पास के अस्पतालों में ले जाते हुए देखा। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों के जब निकाला गया तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

