मुख्यमंत्री ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी
शिमला: सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं रामपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे नंद लाल का आज शिमला ज़िला के रामपुर में उनके पैतृक गांव देओठी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने उनके पैतृक गांव पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। नंद लाल के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के एक समर्पित सिपाही थे, जिन्होंने रामपुर क्षेत्र के लोगों के कल्याण और उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया। क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नंद लाल के निधन से प्रदेश ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और समर्पित जनसेवक को खोया है। उनके जाने से सार्वजनिक जीवन में जो अपूरणीय क्षति हुई है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
